कानपुर। चर्चित होमगार्ड भर्ती रिश्वत प्रकरण में अब सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी ने भी शासन को अवगत कराया है। उन्होंने पत्र भेजकर तीनों आरोपियों की जानकारी दी है। सीएमओ ने बताया की मामले जानकारी शासन को भेज दी है। इसके पहले उर्सला अस्पताल की निदेशक डॉ. सीमा श्रीवास्तव ने भी पूरे प्रकरण की सूचना शासन को भेजी थी।
तीनों आरोपियों में डॉ. प्रवीण, डाॅ. महेश और ड्राइवर अजीत को अस्पताल में शरण देने और नियमों को ताक पर रखकर उन्हें भर्ती करने वालों की जांच की भी चर्चा है। सूत्रों के अनुसार प्रशासन स्तर पर भी इस मामले की जांच हो सकती है। हालांकि, उर्सला प्रशासन ने इससे इन्कार किया है। गौरतलब है कि होमगार्ड रिश्वत कांड के तीनों आरोपी जब कानून की गिरफ्त से बचने के लिए उर्सला अस्पताल पहुंचे तो कुछ लोगों ने कथित तौर पर उन्हें बचाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी।
एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और ईसीजी जैसी तमाम शुरुआती जांचें सामान्य आने के बावजूद उन्हें आईसीयू में भर्ती रखा गया। घंटों तक रेफर लेटर को दबाए रखा गया ताकि आरोपियों को कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए पर्याप्त समय मिल सके। इस पूरे प्रकरण ने अस्पताल की साख पर सवाल खड़े कर दिए हैं।