डेरापुर। चिलौली से सिठमरा वाया बहिरी उमरी होकर मोरंग व गिट्टी लदे ओवर लोड डंपर निकल रहे हैं। सड़क की क्षमता तीन टन की है। दोगुना लोड लेकर डंपर निकलने से सड़क उखड़ने की आशंका लोगों ने जताई है।
चिलौली से सिठमरा वाया बहिरी उमरी मार्ग की सड़क नई बनी है। सिद्धांत सैनी, मयंक माथुर, श्याम सिंह, पूर्व प्रधान अबरार आदि ने बताया कि अकबरपुर, रूरा और झींझक में सुबह सात बजे से रात दस बजे तक माल वाहक वाहनों की नो एंट्री लगी है। इसकी वजह से मौरंग व गिट्टी लेकर डंपर चालक इसी वैकल्पिक मार्ग से निकल रहे हैं। कुछ दिन पहले ही सड़क बनी है। ऐसे में ओवर लोड वाहनों के निकलने से सड़क उखड़ने की आशंका है। कई जगह सड़क पर दरारें आ गई हैं। डंपर के पहियों के दबाव के निशान भी दिखाई देने लगे हैं। कहा कि कई साल से यह सड़क उखड़ी थी तो आवाजाही में लोगों को खासी परेशानी हो रही थी। अब सड़क बनी है तो माल वाहक वाहन ओवर लोड लेकर निकल रहे हैं।
.........................
बयान...
चिलौली-सिठमरा मार्ग की डिजाइन क्षमता निर्धारित मानक के अनुसार तीस टन है। ओवरलोड वाहनों के संचालन से सड़क जल्द खराब हो सकती है। ओवर लोड वाहनों के निकलने की स्थिति से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। - अभिषेक कुमार, अवर अभियंता लोक निर्माण विभाग