कानपुर। जिले में जमा के मुकाबले ऋण वितरण में पिछड़ रहे चार बड़े बैंकों पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने सख्ती दिखाई है। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और यूको बैंक का ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) आरबीआई के न्यूनतम 40 प्रतिशत मानक से भी कम मिला। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को प्रदर्शन सुधारने और सीडी रेशियो 45 प्रतिशत तक पहुंचाने की ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
सोमवार को विकास भवन में जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं जिला सलाहकार समिति की बैठक हुई। इसमें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, एनआरएलएम, पीएम स्वनिधि, पीएम सूर्य घर योजना और किसान क्रेडिट कार्ड के तहत ऋण वितरण की समीक्षा की गई। चारों बैंकों का प्रदर्शन मानक के अनुरूप नहीं मिलने पर सीडीओ ने कहा कि शासन की योजनाओं के पात्र लाभार्थियों और उद्यमियों के ऋण आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रखे जाएं। शिविरों में अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराने और योजनाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति पर जोर दिया गया। बैठक में आरबीआई की एलडीओ नम्रता किरण, नाबार्ड डीडीएम राहुल यादव, एलडीएम आदित्य चंद्र समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और बैंक जिला समन्वयक मौजूद रहे।