कानपुर। अधिवक्ताओं के खिलाफ पुलिस द्वारा गैंगस्टर एक्ट लगाए जाने और गलत तरीके से मुकदमे दर्ज किए जाने के खिलाफ आंदोलन की रणनीति तय करने के लिए लॉयर्स एसोसिएशन की ओर से मंगलवार को कई घंटों तक मंथन चलता रहा लेकिन दोपहर तक कोई हल नहीं निकल सका। बुधवार को बार व लॉयर्स एसोसिएशन कार्यकारिणी के साथ पूर्व अध्यक्ष व महामंत्रियों की संयुक्त बैठक बुलाई गई है जिसमें रणनीति पर विचार किया जाएगा।
लॉयर्स एसोसिएशन की ओर से आमसभा बुलाने से पहले बार व लॉयर्स एसोसिएशन की संयुक्त कार्यकारिणी बैठक बुलाई गई थी लेकिन बार एसोसिएशन के पदाधिकारी लिखित सूचना न दिए जाने का तर्क देते हुए बैठक में शामिल नहीं हुए। लॉयर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश चंद्र वर्मा की अध्यक्षता और महामंत्री राजीव यादव के संचालन में लगभग दो घंटे चली कार्यकारिणी की बैठक में कई मुद्दों पर विचार किया गया।
दोपहर दो बजे लॉयर्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्षों व महामंत्रियों की संयुक्त बैठक बुलाई गई इसमें अधिवक्ता हितों एवं स्वाभिमान की रक्षा के लिए दूरगामी रणनीति की जरूरत पर बल दिया गया। तय हुआ कि बुधवार को दोपहर डेढ़ बजे दोनों एसोसिएशन की कार्यकारिणी व पूर्व अध्यक्षों-महामंत्रियों की संयुक्त बैठक बुलाकर रणनीति तय की जाएगी। आज की बैठक में एसोसिएशन के रमाकांत मिश्रा, पुष्करधर द्विवेदी, राकेश प्रसाद साहू, आशीष पांडे, प्रेमशंकर मिश्रा, भानु प्रताप सिंह चौहान के अलावा पूर्व अध्यक्ष रामप्रताप सिंह चौहान, तरुणेंद्र वाजपेई, रामसेवक यादव, दिनेश शुक्ला, शैलेंद्र शुक्ला, श्याम नारायण सिंह, पूर्व महामंत्री जितेंद्र सिंह तोमर, शरद शुक्ला, अभिषेक तिवारी आदि मौजूद रहे।
वर्जन
लॉयर्स एसोसिएशन की ओर से संयुक्त बैठक का पत्र मिला है। पहले बार एसोसिएशन में कार्यकारिणी की बैठक की जाएगी और इसके बाद लॉयर्स एसोसिएशन की संयुक्त बैठक में पदाधिकारी शामिल होकर रणनीति पर विचार-विमर्श करेंगे।
-अमित सिंह, महामंत्री-बार एसोसिएशन