संवाद न्यूज एजेंसी
झींझक (कानपुर देहात)। मंगलपुर थाना के अनंतपुर धौकल स्थित जंगल में 21 फरवरी को मिले किशोरी के शव की शिनाख्त फोटो व कपड़ों से रसूलाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी परिजनों ने अपनी बेटी के रूप में की। किशोरी की गला दबाकर हत्या की गई थी।
रसूलाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने बताया कि उनकी 13 वर्षीय बेटी 18 फरवरी की शाम सात बजे नित्यक्रिया के लिए घर के बाहर बने शौचालय में गई थी। काफी देर बीतने के बाद जब बेटी वापस नहीं आई तो काफी तलाश की लेकिन कुछ भी पता नहीं चला।
बुधवार को सोशल मीडिया के माध्यम से बेटी की फोटो देखी तो कपड़ो व चप्पलों से शिनाख्त की। किशोरी के पिता का आरोप है कि 18 फरवरी को बेटी के गायब होने पर शिकायत असालतगंज चौकी, रसूलाबाद थाना व आईजीआरएस में की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई, अगर समय रहते उनकी शिकायत का संज्ञान लिया जाता तो शायद बेटी जिंदा होती।
बता दें कि 21 फरवरी को मंगलपुर थाना के अनन्तपुर धौकल के जंगल में चरवाहे मवेशी चराने गए थे और उन्हें वहां किशोरी का शव पड़ा मिला था। शव से कुछ दूरी पर ही चप्पलें पड़ी मिली थी। काफी प्रयास के बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
पुलिस व फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए थे। मंगलपुर थानाध्यक्ष संजय गुप्ता ने बताया किशोरी के शव की शिनाख्त रसूलाबाद निवासी परिजनों ने अपनी बेटी के रूप में की है।