रूरा। झींझक-रूरा मार्ग पर धनीरामपुर गांव के पास बुधवार को एक 42 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला था। बृहस्पतिवार को रूरा थाना पहुंचे परिजन ने शव की शिनाख्त मंगलपुर थाना क्षेत्र के कठारा खानपुर निवासी सेवानिवृत्त सैनिक के रूप में की है। परिजन ने सेवा निवृत्त सैनिक की हत्या किए जाने की आशंका जाहिर की है।
कठारा खानपुर निवासी अरुण कुमार तिवारी गुरुवार को परिजन के साथ रूरा थाना पहुंचे। यहां उन्होंने बुधवार धनीरामपुर गांव के पास मिले शव को देखने की मांग की। इस पर पुलिस परिजन को अकबरपुर स्थित मॉर्चरी ले गई। वहां अरुण ने कपड़ों व हाथ में बंधे कलावा से शव की पहचान अपने भाई अखिलेश कुमार तिवारी (42) के रूप में की। बताया कि भाई अखिलेश पांच भाइयों में चौथे नंबर के थे और भारतीय सेना से सेवानिवृत्त थे। उनकी पत्नी सोनल तिवारी अपने बेटे अंश के साथ भिंड मध्य प्रदेश स्थित मायके में रहती थीं।
एक मई को भाई घर से कानपुर जाने की बात कहकर निकले थे। एक सप्ताह तक वापस न आने पर परिजन को चिंता हुई लेकिन भाई अक्सर घर से बिना बताए निकल जाते थे और कुछ दिन बाद वापस आ जाते थे। इसपर परिजन ने इसकी शिकायत पुलिस से नहीं की। बुधवार को पुलिस की ओर से वायरल की गई शव की फोटो में कपड़े भाई के दिखने पर परिजन ने पुलिस से संपर्क किया।
अरुण ने भाई की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जाहिर की है। वहीं, अखिलेश की मौत की जानकारी घर पहुंचने पर उनकी मां रमाकांति, भाई अनंत, अनादि, अवधेश, अरुण व परिजन रोने लगे। रूरा थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजन को सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।