कानपुर। हैलट के बाल रोग चिकित्सालय में गंभीर बच्चों को निजी अस्पताल ले जाने वाले एंबुलेंस चालकों पर अब निगरानी रखी जाएगी। अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा गार्ड को इमरजेंसी और वार्ड की ओर आने वाली एंबुलेंस पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सीसीटीवी कैमरों से भी चालकों की गतिविधियों की निगरानी होगी।
बीते मंगलवार को कोपरगंज निवासी रिजवान बच्चे को सरकारी एंबुलेंस से उर्सला से हैलट लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि बेड खाली न होने की बात कहकर बच्चे को भर्ती नहीं किया गया। इसके बाद एंबुलेंस चालक उन्हें नमक फैक्टरी चौराहे स्थित निजी अस्पताल ले गया। वहां पांच दिन में करीब 50 हजार रुपये खर्च हो गए, लेकिन बच्चे की हालत सुधरने के बजाय बिगड़ गई। इसके बाद रिजवान बच्चे को दोबारा हैलट लाए, जहां उसे भर्ती किया गया।
मामला सामने आने पर अस्पताल प्रशासन ने जांच शुरू की। बाल रोग विभागाध्यक्ष प्रो. शैलेंद्र ने बताया कि बच्चे के पिता ने सरकारी एंबुलेंस चालक के दूसरे अस्पताल ले जाने की जानकारी दी है। रात की ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। आगे ऐसी घटनाओं पर निगरानी रखी जाएगी।