कानपुर। पर्यावरण के बदलते स्वरूप से कैंसर के रोगियों में तेजी से इजाफा हो रहा है। लोगों को इस बीमारी से बचने के लिए जीवनशैली, खानपान में सकारात्मक बदलाव लाने की आवश्यकता है। यह बात पद्मश्री से सम्मानित एम्स के पूर्व डायरेक्टर व केजीएमयू के पूर्व कुलपति प्रो. रविकांत ने छत्रपति शाहूजी महाराज विवि में चल रहे वेलनेस कॉन के समापन पर कही।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक कैंसर उपचार में कारगर हो रही है। लेजर हाइपरथर्मिया में लेजर ऊर्जा के माध्यम से प्रभावित ऊतकों का तापमान बढ़ाकर कैंसर कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जाता है। फोटोडायनेमिक थैरेपी में विशेष प्रकाश-संवेदी औषधि और नियंत्रित प्रकाश के संयोजन से कैंसर कोशिकाओं को नष्ट करने में मदद मिलती है। प्रो. रविकांत ने युवतियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) का टीका लगवाने की सलाह दी।
तकनीकी सत्र में पद्मभूषण से सम्मानित प्रो. केके तलवार ने हृदय स्वास्थ्य से लेकर बेहतर नींद, स्लीप साइकिल, दैनिक जीवन में भौतिकी के उपयोग, माइक्रोप्लास्टिक के दुष्प्रभाव और कैंसर के विरुद्ध जागरूकता के बारे में जानकारी दी। पद्मश्री से सम्मानित व राष्ट्रपति के चिकित्सक रह चुके डॉ. मोहसिन वली ने वर्चुअल माध्यम से बताया कि पेट्रोलियम से निर्मित प्लास्टिक धीरे-धीरे हमारी रोजमर्रा की जिंदगी और घरों की रसोई तक पहुंच चुकी है। एचआईवी वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. जेके मनियार, केजीएमयू के प्रो. राकेश कुमार दीक्षित, पद्मश्री डॉ. श्याम सुंदर, वरिष्ठ कैंसर विशेषज्ञ डॉ. डीसी कटियार (वैंकटेश्वर हॉस्पिटल, नई दिल्ली) ने विचार रखे।
तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन वेलनेस कॉन-2026 के समापन संयोजक प्रो. प्रवीण कटियार ने इतना बड़ा सोचो कि सोच छोटी पड़ जाए का संदेश दिया। कुलपति प्रो. सुधांशु पाण्डिया, वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्य डॉ. वंदना पाठक, प्रो. एसपी सिंह, प्रो. एएस प्रसाद, प्रो. प्रवीण कटियार, प्रो. संदीप कुमार सिंह, रजिस्ट्रार राकेश कुमार मिश्रा ने पोस्टर एवं ओरल प्रेजेंटेशन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रतिभागियों को ई-सर्टिफिकेट उपलब्ध कराने के लिए पोर्टल का शुभारंभ भी किया।
......................