कानपुर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में बुधवार को नॉन-प्लान पेंशन, रोस्टर व्यवस्था और शिक्षकों की कमी जैसे मुद्दों पर उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने विश्वविद्यालय में खाली पड़े पदों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कृषि मंत्री ने निर्देश दिए कि रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि शिक्षकों की कमी दूर हो सके और शैक्षणिक व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो।
उन्होंने कहा कि सरकार भर्ती प्रक्रिया के लिए पूरी तरह तैयार है लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन को रोस्टर प्रणाली को अनिवार्य रूप से लागू करना होगा। समय पर रोस्टर लागू न होने और भर्ती प्रक्रिया में देरी के कारण शैक्षणिक कार्य प्रभावित हुआ है जिसे अब प्राथमिकता के आधार पर सुधारा जाएगा। बैठक में प्रमुख सचिव कृषि रवींद्र कुमार ने कहा कि प्लान में नियुक्त ऐसे कर्मचारी जिन्होंने नॉन-प्लान का शिक्षण कार्य किया है, उन्हें पेंशन दिलाई जाएगी।
इसके लिए नियमों के अनुसार रोस्टर बनाकर उसे प्रभावी ढंग से लागू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि विवि में प्लान में नियुक्त ऐसे कई कर्मचारी हैं जिन्हें कई वर्षों तक विवि में शिक्षण कार्य किया लेकिन पेंशन नहीं है। ऐसे लोगों ने जितने समय तक शिक्षण कार्य किया है उतनी अवधि की पेंशन दिलाई जाएगी।
बैठक में राजभवन के अपर मुख्य सचिव डॉ. सुधीर बोबडे ने विवि की स्वच्छता व अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। दीक्षांत के दौरान राज्यपाल को मिली कमियों की समीक्षा हुई। इस मौके पर विवि के कुलपति व मंडलायुक्त समेत सभी अधिकारी व शिक्षक मौजूद रहे।