कानपुर। कुशाग्र हत्याकांड में अपर जिला जज 11 सुभाष सिंह की अदालत में तीनों अभियुक्तों के बयान दर्ज कर लिए गए। अभियोजन की गवाही के आधार पर कोर्ट ने अभियुक्तों से 53 सवाल पूछें जिनका अभियुक्तों ने अलग-अलग जवाब दिया। अभियुक्तों को अपने बचाव में गवाह पेश करने का मौका दिया गया है। अगली सुनवाई छह जनवरी को होगी।
छात्र कुशाग्र की 30 अक्तूबर 2023 को अपहरण कर हत्या कर दी गई थी। इसमें तीनों अभियुक्त रचिता वत्स, प्रभात शुक्ला व शिवा गुप्ता जेल में बंद हैं। अभियोजन की गवाही पूरी हो चुकी है। शनिवार को अभियुक्तों के बयान कोर्ट में दर्ज किए गए। कोर्ट के 53 सवालों का तीनों अभियुक्तों ने जवाब दिया। तीनों की ओर से पुलिस द्वारा झूठा फंसाए जाने की बात कही गई। रचिता ने कोर्ट में दिए अपने जवाब में घटना के समय प्रभात के घर पर होने की बात स्वीकार की है जबकि प्रभात की ओर से फिरौती का पत्र दिए जाने में इस्तेमाल की गई स्कूटी को उसके द्वारा इस्तेमाल करने की बात स्वीकार की गई। इसी तरह शिवा ने भी सीसीटीवी फुटेज में प्रभात के साथ खुद के दिखाई देने की बात को स्वीकार कर लिया है। हालांकि शिवा ने खुद फिरौती का पत्र देने के लिए कुशाग्र के घर जाने की बात से इन्कार किया है। तीनों के बयान दर्ज होने के बाद कोर्ट ने छह जनवरी को अभियुक्तों को बचाव में कोई गवाह या सबूत पेश करने का मौका दिया है। अगर बचाव पक्ष की ओर से कोई गवाह पेश नहीं किया जाता है तो अगली तारीख पर अंतिम बहस शुरू हो जाएगी जिसके बाद कोर्ट अपना फैसला सुनाएगी।