कानपुर देहात। विधानसभा मतदाता सूची का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण चल रहा है। बांटे गए गणना प्रपत्र भरने में मतदाताओं को खासी परेशानी हो रही है। दरअसल आयोग की वेबसाइट पर पड़ी 2003 की मतदाता सूची बूथवार नहीं खुल रही है। इससे लोगों को गणना प्रपत्र भरने में दिक्कतें आ रही हैं। लोग पुरानी मतदाता सूची के लिए माथापच्ची कर रहे हैं।
जिले में चार विधानसभा क्षेत्र हैं। इसमें कुल 13, 36, 177 मतदाता हैं। पुनरीक्षण प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों का दावा है कि बीएलओं ने सभी मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचा दिए हैं। अब इन प्रपत्रों को भरवाकर डिजटाइजेशन कराया जा रहा है। शुक्रवार शाम तक डिजटाइजेशन 4.48 फीसदी था। अब तेजी से एप पर भरे प्रपत्र अपलोड कराए जा रहे हैं।
इसके चलते सोमवार दोपहर तक बीस फीसदी गणना प्रपत्र डिजटाइज करा लिए गए। इधर गणना प्रपत्र में बिंदुवार सूचना भरने के लिए मतदाता 2003 की मतदाता सूची खंगाल रहे हैं। ऑनलाइन मतदाता सूची खोलने पर उनके बूथ पर दूसरे गांव तो कहीं दूसरे नगर के मतदाताओं के नाम दिख रहे हैं। इससे लोग चकरघिन्नी बने हैं। सपा नेता सेखू खान अकबरपुर नगर पंचायत की मतदाता सूची ऑनलाइन न दिखने की शिकायत निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी से कर चुके हैं।
..............................
केस एक -
हसनापुर बूथ पर खुल रही गैजूमऊ की मतदाता सूची
अकबरपुर ब्लॉक के हसनापुर निवासी राजेश कुमार ने बताया कि गणना प्रपत्र भरने के लिए आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन मतदाता सूची गलत दिख रही है। प्राथमिक पाठशाला बूथ खोलने पर गैजूमऊ गांव के मतदाता दिख रहे हैं। इसकी वजह से परेशानी हुई। बाद में अंदाया में हसनापुर की मतदाता सूची मिली। इसी गांव के अन्य बूथ पर तिगाईं की मतदाता सूची खुल रही है।
.................केस दो -
अकबरपुर बालिका इंटर कॉलेज बूथ में दिख रहे गौरियापुर के मतदाता
अकबरपुर के कमलेश कुमार ने बताया कि अकबरपुर बालिका इंटर कॉलेज बूथ 115 व 116 खोलने पर गौरियापुर के मतदाता दिख रहे हैं। इसकी वजह से गणना प्रपत्र भरने में परेशानी हो रही है। कई बार इसे खोलकर देखा गया है।
............
केस तीन -
किशरवल बूथ में दिख रही अकबरपुर के अयोध्यानगर वार्ड की सूची
अकबरपुर के अयोध्यानगर निवासी अमित ने बताया कि गणना प्रपत्र भरने के लिए 2003 की मतदाता सूची ऑनलाइन खोली। इसमें गांव की सूची दिख रही है। काफी जद्दोजहद की तब रनियां के किशरवल के प्राथमिक विद्यालय बूथ पर अयोध्यानगर वार्ड की सूची दिखी।
....................
उपलब्ध जानकारी भरकर बीएलओ के पास जमा करें गणना प्रपत्र
मतदाता सूची में नाम बना रहे इसके लिए बीएलओ द्वारा वितरित किए गए गणना प्रपत्र भरकर जमा करना अनिवार्य है। आयोग की वेबसाइट पर पड़ी मतदाता सूची जिलास्तर से दुरुस्त करना संभव नहीं है। मतदाता प्रपत्र में अधिकतम जानकारी भरकर बीएलओ को फार्म दे दें। यदि 2003 की मतदाता सूची से उनका नाम नहीं जुड़ेगा तो नोटिस देकर तय 12 पहचान पत्रों में से कोई एक लेकर मतदाता सूची में नाम बरकरार रखने की व्यवस्था है। यह कार्य 9 दिसंबर से 31 जनवरी तक होगा। - अमित कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी
.....................
संपर्क केंद्र या फिर टोलफ्री नंबर पर कर सकते कॉल
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि मतदाता सूची को लेकर या फिर गणना प्रपत्र से जुड़ी किसी दिक्कत पर मतदाता जिला संपर्क केंद्र में नंबर 05111-297056 या फिर टोल फ्री नंबर 1950 पर कॉल कर जानकारी ले सकते हैं।