कानपुर के जिन ठिकानों पर शुक्रवार रात एटीएस ने दबिश दी थी उनकी निगरानी लगातार जारी है। यही नहीं जाजमऊ में भी एक घर पर नजर रखी जा रही है। आतंकियों व उनके मददगारों का यहां से कनेक्शन मिला है। जांच एजेंसी साक्ष्य जुटा रही है।
विज्ञापन
अगर पर्याप्त साक्ष्य मिलेंगे तो कार्रवाई की जाएगी। लखनऊ में पकड़े गए अलकायदा के समर्थित संगठन के आतंकियों का कानपुर कनेक्शन सामने आया था। जिसमें पता चला था कि कानपुर के चमनगंज इलाके से आतंकियों ने असलहा खरीदा था।
इसमें दो शख्स लईक व आफाक का नाम सामने आया था। सूत्रों के मुताबिक लईक से कई दिनों से एटीएस पूछताछ कर रही है। आफाक की तलाश में शुक्रवार देर रात चमनगंज के तीन इलाकों में दबिश दी गई थी। अभी तक वह हाथ नहीं आया है।
विज्ञापन
इन तीन ठिकानों के अलावा जाजमऊ के तीन ठिकानों पर जांच एजेंसी की नजर है। किसी भी वक्त बड़ी कार्रवाई हो सकती है। आशंका है कि इन ठिकानों में से कई जगहों पर आतंकी यहां आए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद इन्हीं ठिकानों में पनाह लेने की साजिश थी।