कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर लाल मुंह वाले बंदरों के आतंक से निपटने के लिए रेलवे ने अनूठी पहल की है। कटखने बंदरों को डराने के लिए लंगूरों के कटआउट लगाए गए हैं। अभी प्रयोग के तौर पर प्लेटफार्म नंबर एक और छह पर इन्हें लगाया गया है।
इन पर रोशनी पड़ने से बंदरों परछाई दिखेगी और आवाज आएगी। माना जा रहा है कि इससे ये भाग जाएंगे। लंगूर (काले मुंह वाले बंदर) से लाल मुंह (कटखने बंदर) वाले बंदर डरते हैं। रेलवे अफसरों के मुताबिक, कटआउट के पास स्पीकर लगेंगे ताकि समय-समय पर इनसे लंगूर की आवाजें आती रहें।
लाल मुंह वाले बंदरों के हमले की वजह से यहां बैठने वाले यात्री भयभीत रहते हैं। उनका खाने पीने का सामान बंदर छीन ले जाते हैं। कई बार तो इनके हमलों से बच्चे और महिलाएं घायल हो चुकी हैं। प्लेटफार्म पर लगे शेड और तारों पर कूद फांद करने से रेलवे को नुकसान भी हो जाता है। गर्मी में बंदरों के झुंड का सबसे अधिक आतंक कानपुर स्टेशन पर ही है। 30 अप्रैल तक सभी प्लेटफार्मों पर इन्हें लगा दिया जाएगा।
कानपुर सेंट्रल स्टेशन और पनकी धाम स्टेशन पर लाल मुंह वाले बंदरों का आतंक है। स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक और छह पर इन कटआउट को लगवाया गया है। प्रयोग सफल रहा तो सभी प्लेटफार्मों पर और पनकी धाम स्टेशन पर इसे लगवाया जाएगा।- हिमांशु शेखर उपाध्याय, डिप्टी सीटीएम, कानपुर सेंट्रल