कानपुर के ग्रीनपार्क में चल रही 43वीं जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता
- फोटो : amar ujala
कानपुर के ग्रीनपार्क में चल रही 43वीं जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन 10 मैच खेले गए। इसमें वेस्ट बंगाल, केरल, दिल्ली, पंजाब, आंध्रप्रदेश ने एक तरफा जीत दर्ज की है। पहला मुकाबला तेलंगाना व वेस्ट बंगाल के बीच हुआ। वेस्ट बंगाल की टीम 27-6 से जीत गई। बिथिका ने 11 गोल किए।
दूसरे मैच में केरल की टीम ने लेह लद्दाख को 15-0 से हराया। मीरा ने एक के बाद एक तीन गोल मारकर टीम को जिताने में अहम भूमिका निभाई। तीसरा मैच दमन दीव व चंडीगढ़ के बीच खेला गया। दोनों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। चंडीगढ़ की टीम ने 7-5 से जीत दर्ज की। चौथा मैच दिल्ली कर्नाटक के बीच रहा। पहले हाफ में दिल्ली का स्कोर 19-5 पर था।
इसके बाद से कर्नाटक की टीम बढ़त नहीं बना सकी। अंत में कर्नाटक को 31-8 से हार का सामना करना पड़ा। दिल्ली की तनिषा व रीतिका ने छह-छह गोल मारे। राजस्थान व गुजरात के बीच मैच मेें कांटे की टक्कर देखने को मिली। हालांकि राजस्थान की टीम ने 17-15 से जीत दर्ज की। प्रियंका ने नौ गोल किए। वहीं गुजरात की ऐश्वर्या ने पूरे 15 गोल अपनी टीम के लिए किए, लेकिन जीत नहीं सकी।