फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कानपुर कमिश्नर बोले, बदले की भावना या कार्रवाई बढ़ाने में न करें नए अधिकारों का दुरुपयोग

Fri, 02 Apr 2021 01:51 PM IST
प्रभापुंज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
आईपीएस असीम अरूण - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
कानपुर पुलिस कमिश्नर असीम अरुण ने पुलिसकर्मियों को हिदायत दी है कि कमिश्नरी प्रणाली में मिले नए अधिकारों का इस्तेमाल कार्रवाई की संख्या बढ़ाने या बदले की भावना से न करें। इससे पुलिस की छवि को ही धक्का लगेगा। गुरुवार को पुलिसकर्मियों के लिए जारी फेसबुक वीडियो संदेश में पुलिस कमिश्नर ने कहा कि नई व्यवस्था में पुलिस की शक्तियां बढ़ी हैं, इसका मतलब यह नहीं कि उनका गलत इस्तेमाल किया जाए।
विज्ञापन


अधिकार बढ़ने से काम के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं। सीआरपीसी के तहत पुलिस को अधिक शक्तियां मिली हैं। इनका होशियारी से इस्तेमाल करना होगा। जनता के लिए और जनता के बीच पुलिसिंग करके ही पुलिसकर्मी अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। कहा कि वे सभी के साथ मिलकर कमिश्नरी प्रणाली की जानकारी देना चाहते थे, लेकिन कोरोना के कारण अभी यह संभव नहीं है।

घरेलू हिंसा पर नोटिस जारी कर करेंगे पाबंद
सीआरपीसी के अधिकारों पर उन्होंने कहा कि मसलन कोई व्यक्ति अपनी पत्नी को पीटता था तो अब तक पुलिस समझौता कराती थी या फिर एफआईआर दर्ज करती थी। अब 107 (16) के तहत पुलिस ऐसे मामलों में पति को नोटिस जारी कर पाबंद कर सकेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

सीआरपीसी 133 में अब यह करेगी पुलिस
कोई जेनरेटर सड़क पर रखता है या फिर फैक्ट्री चलाता है, जिससे पड़ोसियों को समस्या होती है। ऐसे मामलों में अब तक पुलिस सामान जब्त करने और गिरफ्तारी की कार्रवाई करती थी। अब एक शक्ति और मिली है। सीआरपीसी 133 के तहत संबंधित व्यक्ति को नोटिस दिया जाएगा। कमिश्नरी की कोर्ट में मामले की सुनवाई के बाद फैसला लिया जाएगा।

पुलिस ले सकेगी फैसले, मिलेंगे संसाधन
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि नगर में कोई समस्या आने पर कई बार पुलिस सीधे फैसले नहीं ले पाती थी। कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के बाद पुलिस समस्या आने पर फैसले ले सकेगी। उन्होंने बताया कि अब वाहन समेत अन्य संसाधन बढ़ेंगे और फोर्स भी मिलेगा। योजना इस तरह तैयार की जाएगी कि संसाधनों की बर्बादी न हो।

कार्रवाई में न देखें फायदा या नुकसान
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि अधिकारियों को और ज्यादा सतर्क रहना होगा। फायदे या नुकसान के लिए किसी कार्रवाई को अंजाम न दिया जाए। काम इस तरह किया जाए कि फरियादी को संतुष्टि मिले। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें