मैनपुरी से सपा सांसद तेज प्रताप सिंह यादव ने इटावा जिले में भाजपा सरकार पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार देश में जाति व धर्म के नाम पर नफरत फैलाने का काम कर रही है।
सैफई में समाजवादी पार्टी के युवा मिलन समारोह के कार्यक्रम में सांसद तेजप्रताप यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि जबसे बसपा सुप्रीमो मायावती व सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने गठबंधन की घोषणा, तभी से भाजपा ने समाज में माहौल खराब करना शुरू कर दिया। मैनपुरी के भोगांव में तीन दिन पहले भी ऐसा प्रयास किया।
पुलवामा घटना पर कहा कि आतंकवाद के खिलाफ हम सरकार के साथ हैं। लेकिन दूसरे राज्यों में रह रहे कश्मीरी लोगों के साथ जो मारपीट की जा रही है उन्हें भगाया जा रहा है यह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय मे गठबंधन की सरकार केंद्र में बनने जा रही है। जुमलेबाजों कि हालात अभी से खराब है। उन्हें अपनी हार का अहसास हो गया है, इसलिए बौखलाए हुए हैं।