कानपुर। गुजैनी थानाक्षेत्र में नाली के विवाद में एक व्यक्ति ने पड़ोसी घर पर हमला बोल दिया। बीच-बचाव करने पहुंची किशोरी के सिर पर ईंट मार दी, जिससे वह घायल हो गई। उसे प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है।
रविदासपुरम निवासी सुनील यादव प्राइवेट नौकरी करते हैं। सुनील के मुताबिक पड़ोस में रहने वाले नरेंद्र ने नाली बंद कर दी, जिससे गंदा पानी सड़क पर बह रहा था।
उन्होंने विरोध किया तो नरेंद्र और उसके परिवार के सनी, रोनी, शनि और भूरा ने घर में घुसकर हमला बोल दिया। मारपीट के दौरान उनकी नाबालिग बेटी ने बीच-बचाव की कोशिश की तो रोनी ने पास पड़ी ईंट उठाकर उसके सिर पर दे मारी जिससे वह लहूलुहान हो गई।
गुजैनी थाना प्रभारी विनय कुमार तिवारी ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपों की जांच की जा रही है।