कानपुर में कल्याणपुर के अवधपुरी स्थित एक कान्वेंट स्कूल में गुरुवार को नर्सरी की मासूम छात्रा को शिक्षिका ने थप्पड़ जड़ दिया। छात्रा के कान से खून निकल आया। परिजनों का आरोप है कि जब स्कूल प्रबंधन से शिकायत की तो गालीगलौज करके उन्हें भगा दिया। परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन समझौते का दबाव बना रहा है।
पंचवटी, विनायकपुर निवासी रंजीत कुमार तिवारी प्रइवेट कर्मी हैं। पत्नी पूजा तिवारी ने बताया उनकी 4 वर्षीय पुत्री अनन्या तिवारी 11 नंबर क्रॉसिंग स्थित जेके किड्स स्कूल में नर्सरी की छात्रा है। गुरुवार को अनन्या स्कूल गई थी। दोपहर में स्कूल से फोन आया कि उसके कान में दर्द हो रहा है। स्कूल पहुंच कर जब अन्नया से बात हुई तो उसने बताया कि पढ़ाई के दौरान क्लास में टीचर वीना ने उसके कान में थप्पड़ मार दिया था। जिसकी वजह से उसके कान में चोट लग गई। परिजनों ने कल्याणपुर थाने में तहरीर दी है। कल्याणपुर थाना प्रभारी ने बताया रिपोर्ट दर्ज कर छात्रा को मेडिकल के लिए भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।