फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एडीजी आवास के पास छात्रा से छेड़छाड़, डंडे से हाथ तोड़ा, पुलिस दो घंटे तक टरकाती रही

Mon, 18 Jun 2018 08:22 AM IST
क्राइम डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
डेमाे पिक
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश के कानपुर सिविल लाइंस में एडीजी आवास के पास रविवार दोपहर शोहदे ने बाइक से टक्कर मारकर छात्रा को साइकिल से गिरा दिया। छेड़छाड़ और बदसलूकी करने पर छात्रा ने विरोध किया। इस पर शोहदे ने छात्रा को तमाचे जड़े। फिर डंडे से हमला कर हाथ तोड़ दिया। राहगीरों के इकट्ठा होने पर शोहदा बाइक से भाग निकला। पुलिस दो घंटे तक घायल छात्रा को इधर-उधर टरकाती रही। बाद में कोतवाली पुलिस ने छात्रा का उर्सला में उपचार कराया। शोहदे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन


परमट निवासी प्राइवेट कर्मी की बेटी (16) सिविल लाइंस स्थित एक कॉलेज में 12वीं की छात्रा है। वह बिरहाना रोड में एक इंस्टीट्यूट में कोचिंग पढ़ती है। छात्रा ने पुलिस को बताया कि परमट निवासी राजू राजपूत दोस्ती करने के नाम पर उसे कई दिनों से परेशान कर रहा है। रविवार दोपहर वह बिरहाना रोड से कोचिंग पढ़कर साइकिल से घर लौट रही थी। सिविल लाइंस में एडीजी (अपर पुलिस महानिदेशक) आवास के पास स्थित मिस्टर ब्राउन (बेकरी) के सामने राजू ने बाइक से उसकी साइकिल में टक्कर मार दी।


साइकिल समेत सड़क पर गिरने के बावजूद राजू छेड़छाड़ और बदलसूकी करने लगा। बाइक पर बैठाने के लिए हाथ खींचने लगा तो शोर मचाया। इस पर तीन-चार तमाचे जड़ दिए। खुद के बचाव के लिए हाथ-पैर चलाए। इस पर राजू ने अपने साथ लाए डंडे से पीटने लगा। राहगीर और आसपास के लोगों के जुटने पर राजू भाग गया। पुलिस कंट्रोल रूम पर घटना सूचना देने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की औपचारिकता निभाकर लौट गई। कोतवाली प्रभारी प्रमोद शुक्ला ने बताया कि उर्सला के डॉक्टरों ने उसके बाएं हाथ में फ्रैक्चर होने की आशंका जताई है। फिलहाल कच्चा प्लास्टर बांधा गया है। सोमवार को एक्सरे कराया जाएगा।  छात्रा की परिजनों की तरफ पर आरोपी राजू के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। छात्रा की मेडिकल रिपोर्ट आने पर धाराओं में बढ़ोत्तरी की जाएगी। राजू पर आपराधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। उसका आपराधिक इतिहास भी देखा जा रहा है।
विज्ञापन


पुलिस ने घंटों घुमाया
छात्रा के मुताबिक वह घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने महिला थाने गई। वहां पुलिस कर्मियों ने उसकी नहीं सुनी और घटनास्थल फीलखाना बता कर उसे पुलिस चौकी फीलखाना भेज दिया। फीलखाना पुलिस ने उसे कोतवाली थाने भेज दिया। करीब दो घंटे तक वह तीनों थानों के चक्कर काटती रही और पुलिस इधर से उधर टरकाती रही। मामला सीओ कोतवाली अजय कुमार तक पहुंचा। सीओ के नाराजगी जताने पर कोतवाली पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज की। उसे इलाज के लिए उर्सला भेजा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें