कानपुर। बाबूपुरवा थाने के पुलिसकर्मियों से छेड़छाड़, मारपीट की शिकायत करने गई नाबालिग बहनों से थाने में सिपाहियों ने ही छेड़छाड़ कर दी। एसएसपी शलभ माथुर ने सीओ बाबूपुरवा को जांच के आदेश दिए हैं।
बाबूपुरवा नयापुल कच्ची मड़ैया निवासी दो नाबालिग बहनें मंगलवार देर शाम घर के पास लगे नल पर पानी भरने गई थीं। आरोप है कि बस्ती के दबंग सांबा और दीपक ने दोनों से छेड़छाड़ कर दी। विरोध पर दबंगों ने बहनों को मारापीटा। चीख सुनकर बहनों का छोटा भाई आया तो दबंगों ने उसे भी पीट दिया। पीड़ित बहनें शिकायत करने बाबूपुरवा थाने पहुंचीं तो यहां दो सिपाहियों ने उनसे छेड़छाड़ कर दी। आरोप है कि सिपाहियों ने बड़ी बहन को थाने से जाने को कहा। जबकि पूछताछ के नाम पर दो पुरुष पुलिसकर्मियों ने नाबालिग बहनों को थाने में रोक लिया। युवती के अनुसार दोनों पुलिसकर्मी नशे में थे। थाने के अंदर दोनों बहनों से उन्होंने छेड़छाड़ की। विरोध पर उनको बेल्टों से पीटा गया। रात 9 बजे से 11 बजे तक पुलिसकर्मियों ने दोनों बहनों को थाने में बैठाए रखा, इस दौरान कई बार छेड़छाड़ की गई। बुधवार सुबह युवती अपनी बहनों के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंची और पूरे मामले की शिकायत की। एसएसपी ने सीओ बाबूपुरवा को जांच सौंपी है।
शोहदे ने थाने के सामने छात्रा से की मारपीट
कानपुर (ब्यूरो)। कल्याणपुर इंद्रा नगर निवासी एक छात्रा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। बुधवार दोपहर को कोचिंग से घर जा रही थी। इसी दौरान कोचिंग में पढ़ने वाले युवक ने थाने के सामने स्कूटी रोक ली। इसके बाद प्यार का इजहार किया। छात्रा ने विरोध किया तो शोहदे ने थप्पड़ जड़े और भाग निकला।
छेड़छाड़ में बीएसएफ जवान गिरफ्तार
कानपुर (ब्यूरो)। दिल्ली जाने वाली नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस में युवती के साथ छेड़छाड़ करने वाले बीएसएफ के जवान पान सिंह रावत को सेंट्रल पर हिरासत में ले लिया गया। रिपोर्ट भी दर्ज कर ली गई।