भाई की ससुराल से वापस गांव जाने को निकले दुकानदार सत्यपाल (32) ने बेगमपुरा एक्सप्रेस के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली। उसका शव लखनऊ-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर खेरिया रेलवे स्टेशन के पास बुधवार रात नौ बजे मिला। परिजनों का कहना है कि मानसिक रूप से बीमार होने के कारण दुकानदार ने खुदकुशी की है।
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के कोठिला निवासी सत्यपाल (32) शाहाबाद में घंटाघर रोड पर चाय की दुकान चलाता था। मंगलवार को वह पत्नी सोनी के साथ बाइक से ससुराल पिहानी कोतवाली क्षेत्र के चांदपुर गांव गया था। पत्नी काे वहां छोड़कर बुधवार को छोटे भाई राम लखन की ससुराल नेदुरा को चला गया था। वहां से शाम को पांच बजे बाइक से ही गांव वापस जाने के लिए निकला था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात में लगभग नौ बजे उसने खेरिया रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक के किनारे बाइक खड़ी कर दी। इसके बाद किसी से मोबाइल पर बात करता रहा। इस सबके बीच आई ट्रेन के आगे कूदकर उसने खुदकुशी कर ली। पुलिस को तलाशी के दौरान उसके पास से ड्राइविंग लाइसेंस मिला। इसी आधार पर परिजनों को सूचना दी गई। प्रभारी निरीक्षक बालकृष्ण मिश्रा ने बताया कि रात में ही मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान कर ली। भाई अखिलेश का कहना है कि सत्यपाल मानसिक रूप से बीमार था। एक बार पहले भी छत से कूदकर खुदकुशी की कोशिश की थी।