फोटो 13:::इटावा सफारी पार्क में नेचर वॉक करते प्रकृति प्रेमी। स्रोत:विभाग
इटावा। प्रातः इटावा सफारी पार्क के नेचर ट्रेल में रविवार को नेचर वॉक का आयोजन किया गया। नेचर वॉक का शुभारंभ सफारी पार्क के उपनिदेशक डॉ. विनय कुमार सिंह ने किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को इटावा सफारी पार्क के बारे में बारीकी से जानकारी दी। नेचर ट्रेल पर 25 प्रकृति प्रेमियों ने नेचर वॉक में प्रतिभाग किया और 35 पौधों, 17 चिड़ियाें व आठ प्रजाति की तितलियों को भी देखा।
नेचर वॉक के दौरान उपनिदेशक श्री सिंह ने बताया कि इटावा सफारी पार्क यमुना नदी के बाएं तट पर स्थित फिशर वन ब्लॉक के 350 हेक्टेयर में स्थापित है। सफारी पार्क ने बीते दस सालों में कई तरह की चुनौतियों का सामना करते हुए अनेकों उपलब्धियां अर्जित की है। सफारी क्षेत्र में प्रोसोपिस जूलिफ्लोरा (कीकर) को जड़ से उखाड़ते हुए पौधरोपण किया गया और साथ ही यह क्षेत्र अब जैवविविधता की नई इबारत लिख रही है।
नेचर वाॅक में श्री बी एन सिंह बायोलॉजिस्ट व डॉ अत्री गुप्ता ने प्रतिभागियों को पेड़ पौधों की 35, चिड़ियों की 17, कीटों की 11 व तितलियों की 8 प्रजातियों से रूबरू कराया गया। नेचर वाक संयोजक स्कॉन महासचिव डॉ राजीव चौहान ने बताया कि नेचर वॉक का मुख्य उद्देश्य आम लोगो में प्रकृति, पेड़ पौधे, चिड़ियों एवं अन्य जीव जंतुओं के प्रति लगाव पैदा करना है। नेचर वॉक में डॉ. देवेंद्र दुबे, वन क्षेत्राधिकारी रूपेश श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।