कानपुर। नए साल के पहले दिन से शहरवासी बॉटनिकल गार्डन में सैर कर सकेंगे। फिलहाल प्रवेश निशुल्क रहेगा। विकास प्राधिकरण ने इसे पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया है। पार्क में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विकास के साथ ही म्यूजियम भी बनेगा जिसमें विभिन्न तरह के पेड़-पौधों की जानकारी मिलेगी।
केडीए ने आठ साल पहले गंगा बैराज स्थित बोट क्लब के बगल में करीब 65 करोड़ रुपये से बॉटनिकल गार्डन विकसित करने की योजना बनाई थी। गंगा के किनारे पक्के निर्माण भी कराए जा रहे थे जबकि किसी भी नदी के किनारे ऐसे निर्माणों पर प्रतिबंध है। एनजीटी में शिकायत के बाद निर्माण पर रोक लगा दी गई थी। निर्माण बंद होने तक केडीए करीब 12 करोड़ रुपये के कार्य करा चुका था। अब इसे एनजीटी के निर्देशों का पालन करते हुए दोबारा विकसित किया जा रहा है। विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल ने बताया कि एक जनवरी से यह सुबह से शाम तक खुलेगा। अभी प्रवेश निशुल्क रहेगा बाद में 10 रुपये शुल्क लेने पर विचार किया जा रहा है।