संसदीय मंत्री सुरेश खन्ना शिक्षिका मंजू देवी को हिदायत देते हुए
- फोटो : अमर उजाला
बेहतर होगा सुधार कर लें, अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें
करीब 20 मिनट के निरीक्षण के बाद तीनों मंत्री सरैया गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय अचानक पहुंच गए। हालांकि, कार्यक्रम निर्धारित नहीं था। इस औचक निरीक्षण से मौजूद शिक्षकों में हड़कंप मच गया। यहां संसदीय मंत्री ने मौजूद कक्षा दो की छात्रा सुहानी रावत से 6 का पहाड़ा पूछ लिया, जिस पर छात्रा ने उन्हें पहाड़ा सुना दिया। इसके तुरंत बाद ही कक्षा पांच की क्लास में पहुंचे, जहां मौजूद छात्र लक्ष्य राठौर, मुस्कान और आराध्या शुक्ला से 14 का पहाड़ा पूछा गया, जिसे कोई नहीं सुना सका। इसके बाद मंत्री ने 6 का पहाड़ा पूछा, तो सिर्फ आराध्या शुक्ला ही पहाड़ा सुना पाई।
इससे नाराज होकर मंत्री ने कक्षा अध्यापिका मंजू देवी को हिदायत देते हुए बताया कि आप 48,000 की तनख्वाह पाते हैं, लेकिन जो शिक्षा का स्तर सरकारी स्कूलों में होना चाहिए वह नहीं दिख रहा। जबकि सरकार शिक्षा की ओर काफी ध्यान दे रही है। इसलिए आप भी बच्चों को और बेहतर पढ़ाई कराएं, ताकि वह कान्वेंट जैसे स्कूलों के बराबर की पढ़ाई कर सकें, क्योंकि सरकार इस वक्त शिक्षा पर काफी खर्च कर रही है। मंत्री जी ने कहा कि बेहतर होगा कि सुधार कर लें, अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
इसके बाद तीनों मंत्री का काफिला सीधे उन्नाव मुख्यालय की ओर निकल गया। निरीक्षण के दौरान सदर विधायक पंकज गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष गंगा घाट रंजना गुप्ता, अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेश गुप्ता, गोल्डी जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, सीडीओ दिव्यांशु पटेल, एसपी दिनेश त्रिपाठी, सिटी मजिस्ट्रेट विजेता, एसडीएम सदर सत्यप्रिया सिंह समेत अन्य कई आला अधिकारी मौजूद रहे।