कानपुर देहात। दिल्ली के लाल किला की ऐतिहासिक श्री धार्मिक रामलीला में वॉलीबुड फिल्म अभिनेता शहबाज खान और बिंदू दारा सिंह के साथ रूरा के सुधांशु शर्मा अभिनय करेंगे। दशहरा पर शहबाज खान रावण, बिंदू दारा सिंह हनुमान और सुधांशु शर्मा अहिरावण किरदार अदा करेंगे।
रूरा निवासी सुधांशु शर्मा रामलीला कलाकार हैं। उन्होंने रूरा कस्बे में रामलीला मंच पर कई वर्षाें तक अलग -अलग पात्रों का अभिनय किया। रावण का किरदार निभाने पर उन्हें खूब सराहना मिली। सुधांशु बताते हैं कि प्रतिभा के बल पर उन्होंने वर्ष 2011 में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के ध्वनि एवं प्रकाश माध्यम के रंग मंचीय कार्यक्रम जमुनिया बदलते भारत की तस्वीर में अंग्रेज अफसर व दानापुर गांव के ग्राम सचिव की भूमिका निभाई थी। वर्ष 2021 में सुधांशु ने अयोध्या की रामलीला में प्रोडक्शन असिस्टेंट के तौर पर योगदान किया था। पिछले वर्ष उन्हाेंने दिल्ली में लाल किले की रामलीला में विश्वामित्र और केवट की दोहरी भूमिका निभा कर वाहवाही पाई थी। इस बार डायरेक्टर प्रवेश कुमार के निर्देशन में वह लाल किले की रामलीला में विश्वामित्र के साथ केवट का अभिनय कर रहे हैं। दशहरा के दिन की लीला में उन्हें वॉलीबुड अभिनेता शहबाज खान व बिंदू दारा सिंह के साथ अभिनय के लिए चुना है। 24 अक्तूबर (दशहरा) को तीनों कलाकार एक साथ मंच साझा करेंगे। शहबाज खान रावण, बिंदू दारा सिंह हनुमान और सुधांशु शर्मा अहिरावण का किरदार निभाएंगे। बता दें कि दिल्ली की धार्मिक रामलीला में राम का किरदार टीवी कलाकार सोनू डांगर व लक्ष्मण की भूमिका आकिव खान अदा कर रहे हैं। स्थानीय रामलीला मंच से निकल कर लाल किला की रामलीला में अभिनय कर सुधांशु ने कस्बे व जिले का नाम रोशन किया है। सुधांशु दिवंगत पिता गोपी श्याम शर्मा, इष्ट मित्रों और परिजनों को इसका श्रेय देते हैं।