कानपुर के घाटमपुर में एक किसान के खेत में अचानक से कई फीट गहरा गड्ढा कौतूहल का विषय बन गया है। खेत में गड्ढा होने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और उसे देखने के लिए लोगों का तांता लग गया। इलाकाई लोगों की मानें तो यहां पहले कोई कुआं रहा होगा।
बारिश के दौरान मिट्टी पोली होने के चलते धंस गई होगी जिससे ये गड्ढा बन गया। यहां करीब दस फीट चौड़ा और तीस फीट गहराई में धंसी जमीन के अंदर पानी नजर आ रहा है। अफसरों ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की है और लोगों को उससे दूर रहने की हिदायत दी है।