झींझक। लंबे समय से की जा रही मांग के बाद शुक्रवार को झींझक रेलवे स्टेशन पर सुबह 9:03 बजे सूबेदारगंज-इंदौर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का ठहराव हुआ। ट्रेन के रुकने पर प्लेटफॉर्म पर मौजूद स्थानीय लोगों ने खुशी जताते हुए पायलट का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
नगर पालिका के सभासद सरोज यादव ने बताया कि ट्रेन के स्टेशन पर रुकने से झींझक सहित मंगलपुर, कंचौसी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को इंदौर व प्रयागराज की ओर आवागमन में राहत मिलेगी। यह क्षेत्रीय विकास की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा। पहले दिन ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब डेढ़ घंटे देर से सुबह 10:38 बजे पहुंची। ट्रेन के लोको पायलट बीएल मीना का माला पहनाकर व मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। पांच मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन सुबह 10:43 बजे इंदौर के लिए रवाना हुई।
प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि डाउन की गाड़ी संख्या 04169 सूबेदारगंज-इंदौर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन ट्रायल तौर पर सात अगस्त से 28 सितंबर तक प्रत्येक शुक्रवार सुबह 9:03 बजे झींझक स्टेशन पर रुकेगी। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 04170 इंदौर-सूबेदारगंज साप्ताहिक स्पेशल आठ अगस्त से 29 सितंबर तक प्रत्येक शनिवार दोपहर 3:55 बजे झींझक पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद 3:57 बजे प्रयागराज (सूबेदारगंज) के लिए प्रस्थान करेगी। ट्रायल सफल रहने पर ट्रेन के ठहराव को आगे बढ़ाया जाएगा। यहां रत्नेश, गौरव ओमर, ललानी अवस्थी, राघव, मिंटू आदि मौजूद रहे।