पुखरायां। जिलाधिकारी ने शुक्रवार को भोगनीपुर तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें सब रजिस्टार व सहायक चकबंदी अधिकारी के अनुपस्थित मिले। इसपर कार्रवाई करते हुए उन्होंने दोनों अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही दस्तावेजों का रखरखाव सही नहीं मिलने पर के राजस्व निरीक्षक को हिदायत दी।
जिलाअधिकारी कपिल सिंह ने शुक्रवार शाम तीन बजे के बाद भोगनीपुर तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। संग्रह अधिष्ठान कक्ष में जीपीएफ बुक देखने पर जीपीएफ बुक में व्हाइटनर लगा देखकर नाराजगी जताई। नायब तहसीलदार न्यायालय में नायब तहसीलदार अभिनव चतुर्वेदी से जानकारी प्राप्त की। अभिलेखाकार में लकड़ी की टूटी अलमारी व दस्तावेजों का रखरखाव सही न मिलने पर राजस्व निरीक्षक दीपेंद्र सिंह को हिदायत दी। इसके बाद वह निबंधन कार्यालय पहुंचे। यहां सब रजिस्टार शंशाक सिंह नदारत मिले।
कहा कोई भी अधिकारी बिना अनुमति के जिला मुख्यालय को छोड़कर नहीं जाएगा। लेकिन सब रजिस्टार बिना अनुमति के लखनऊ मीटिंग में चले गए। उनका एक दिन का वेतन रोके जाने के निर्देश दिए। चकबंदी कार्यालय में एसीओ वैद्यनाथ वर्मा और शहजाद अली मौके पर नहीं मिले। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने मुख्यालय में मीटिंग में जाने की बात कही। जिसकी जांच कर एक दिन का वेतन रोके जाने का निर्देश दिया। डीएम ने तहसीलदार न्यायालय, आपूर्ति कार्यालय, निर्वाचन कार्यालय और खतौनी कक्ष का भी निरीक्षण किया। यहां एडीएम न्यायिक दिग्विजय सिंह, एसडीएम देवेंद्र सिंह, एसडीएम न्यायिक देशदीपक सिंह, तहसीलदार डॉ. प्रिया सिंह सहित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।