ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजूकेशन (एआईसीटीई) से संबद्ध कॉलेज में पढ़ रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर है। छात्र पढ़ाई के साथ-साथ कंपनी भी शुरू कर सकेंगे। इसके लिए सरकार छात्रों को आर्थिक मदद देगी। सहायता की मद कंपनी के प्रोजेक्ट पर निर्धारित होगी। सरकार की तरफ से आपको एक्सपर्ट एडवाइज दी जाएगी और ट्रेनिंग भी कराई जाएगी।
यह सबकुछ होगा एआईसीटीई और स्किल डेवलपमेंट एंड एंटरप्रिन्योरशिप मिनिस्ट्री के सहयोग से। दोनों ने हाल ही में कॉलेजों में स्टार्ट अप और एंटरप्रिन्योरशिप बढ़ाने की सोच से एमओयू (समझौता पत्र) साइन किया है। इस सत्र से यह प्रभावी हो जाएगा। समझौते के दौरान एआईसीटीई की तरफ से मेंबर सेक्रेटरी प्रो. एपी मित्तल और स्किल डेवलपमेंट मिनिस्ट्री के तरफ से ज्वाइंट सक्रेटरी ज्योत्सना मौजूद रहीं।
पढ़ाई के साथ एंटरप्रिन्योरशिप का ज्ञान
समझौते के तहत इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, फार्मेसी जैसे कॉलेजों में पढ़ाई के दौरान ही अलग-अलग तरीके से छात्रों को एंटरप्रिन्योरशिप और स्टार्ट अप के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्हें तरीके बताए जाएंगे। विभिन्न प्रकार की स्टार्ट अप आइडिया के लिए प्रतियोगिताएं भी होंगी।
चलाए जाएंगे स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम
स्किल डेवलपमेंट एंड एंटरप्रिन्योरशिप (एमएसडीई) मिनिस्ट्री छात्रों के स्किल को डेवलप करने का काम करेगी। कॉलेजों में अलग-अलग प्रोग्राम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा मिनिस्ट्री छात्रों और मेंटर्स, इंक्यूबेटर, एंटरप्रिन्योरशिप हब्स के बीच समन्वय का काम भी करेगी।