कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विवि में बैक पेपर फीस को लेकर उठे विवाद के बाद सीएसजेएमयू प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। विवि ने आदेश जारी कर कहा है कि बैक पेपर की फीस पुरानी यानी 550 प्रति प्रश्नपत्र ही रहेगी। समर्थ पोर्टल पर तकनीकी त्रुटि के कारण यह राशि 1050 दिख रही थी। जिन छात्रों ने अधिक फीस जमा की है वह इस संबंध में अपने कॉलेज से लिखवाकर विवि में जमा कर दें। उनकी बढ़ी फीस या तो अगले शुल्क में समायोजित होगी या फिर वापस कर दी जाएगी।
विज्ञापन
विवि की बैक पेपर फीस समर्थ पोर्टल पर स्पेशल बैक पेपर के बराबर ही दिखने से छात्रों में नाराजगी थी। करीब ढाई हजार छात्रों ने बढ़ा शुल्क जमा कर दिया था। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार से मिलकर इस पर आपत्ति दर्ज कराई थी। विवि ने इसे तकनीक समस्या बताते हुए कहा था कि बैक पेपर फीस 550 ही है। इसके बाद अधिक फीस जमा कर चुके छात्र विवि और कॉलेज के चक्कर लगा रहे थे। इस पर कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने आदेश जारी कर कहा है कि किसी भी छात्र से अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी। छात्र 550 रुपये के आधार पर ही शुल्क जमा करें। (ब्यूरो)