कानपुर। कल्याणपुर थाना परिसर में शुक्रवार को छात्रों और पुलिस के बीच कहासुनी के बाद जमकर हंगामा हुआ। हंगामा बढ़ता देख सर्किल का फोर्स बुला लिया गया। सूचना पर एडीसीपी एलआईयू और एसीपी पनकी थाने पहुंचे और छात्रों से बातचीत कर शांत कराया। वहीं, शिक्षकों ने हंगामा करने वाले छात्र नेताओं समेत 29 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। दो छात्र नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
बिठूर थाना क्षेत्र के मंधना स्थित महाराणा प्रताप इंजीनियरिंग कॉलेज में बुधवार को हुए हंगामे के बाद तीन दिनों का अवकाश घोषित किया गया था। आरोप है कि शुक्रवार को यूनिवर्सिटी छात्र नेता अभिजीत राय और अनस साहू करीब 40 से 50 छात्रों के साथ अपनी मांगों को लेकर बैठक करने वाले थे। बैठक यूनिवर्सिटी के पीछे स्थित एक मैगी पाॅइंट पर प्रस्तावित थी। वहां सोमवार को कॉलेज खुलने पर शिक्षकों के समक्ष रखी जाने वाली समस्याओं पर चर्चा होनी थी।
छात्रों का आरोप है कि इस दौरान कई शिक्षक वहां पहुंचे और छात्र नेता अभिजीत राय के साथ अभद्रता की। इसके बाद छात्रों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को कल्याणपुर थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की। छात्रों ने शिक्षकों पर उनकी एक कार में तोड़फोड़ कर आग लगाने के प्रयास करने का आरोप लगाया। मामले में पुलिस ने छात्र नेता अभिजीत राय और अनस साहू को हिरासत में लिया तो हंगामा शुरू हो गया। छात्रों ने थाने में हंगामा काटा।
एडीसीपी एलआईयू महेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही रावतपुर, पनकी समेत सर्किल का फोर्स पहुंचा। दोनों पक्ष को शांत कराकर पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। वहीं, कल्याणपुर थाना क्षेत्र के अग्निहोत्रनगर निवासी टीचर सुभाष चंद्र मौर्या की ओर से दर्ज रिपोर्ट के अनुसार वह अनिल कुमार पाठक, पंकज सिंह यादव, प्रकाश मिश्रा, विवेक कुशवाहा व कौशल पंडित मैगी पर चाय पीने के लिए बैठे थे। तभी छात्र नेता अभिजीत राय, अनश, आयुष, ऐश्वर्य व अन्य 20-25 लोगों ने आकर मारपीट व गालीगलौज शुरू कर दी। उन लोगों ने किसी प्रकार एक प्लाॅट में छिपकर अपनी जान बचाई। कल्याणपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अभिजीत राय, अनश, आयुष, ऐश्वर्य, और 20-25 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। अभिजीत समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।