कानपुर। हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एचबीटीयू) में अब तकनीकी पढ़ाई के साथ छात्रों को मानवीय मूल्यों की शिक्षा दी जाएगी। यह एआईसीटीई के निर्देश पर संचालित किया जाएगा। इसी सत्र से छात्रों के लिए अनिवार्य किया गया है। कोर्स को पास करना जरूरी है।
इसी को लेकर एचबीटीयू में 10 से 17 अगस्त तक ‘यूनिवर्सल ह्यूमन वैल्यूज’ विषय पर आठ दिवसीय एआईसीटीई अनुमोदित फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) आयोजित किया जा रहा है। इसमें शिक्षकों को पाठ्यक्रम पढ़ाने और मानवीय मूल्यों को विद्यार्थियों के व्यावहारिक जीवन से जोड़ने के तरीकों के बारे में बताया जाएगा। मंगलवार को उद्घाटन प्रो-वाइस चांसलर प्रो. दिप्तीक परमार की उपस्थिति में हुआ। प्रो. जीएल देवनानी, मुख्य रिसोर्स पर्सन भानु प्रताप, एसोसिएट रिसोर्स पर्सन डॉ. बीके शर्मा, प्रो. वंदना दीक्षित, डॉ. शिवम श्रीवास्तव, सचिव डॉ. कुमार गौरव, डॉ. कृष्ण कांत भारती मौजूद रहे।
-
सही निर्णय लेने की क्षमता होगी विकसित
यूनिवर्सल ह्यूमन वैल्यूज कोर्स में छात्रों को केवल नैतिकता के सिद्धांत नहीं पढ़ाए जाएंगे, बल्कि उन्हें दैनिक जीवन में लागू करने पर भी जोर रहेगा। इससे छात्रों में सही निर्णय लेने की क्षमता, जिम्मेदारी की भावना, आपसी सम्मान, सहयोग, संवेदनशीलता और सह-अस्तित्व की समझ विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।