कानपुर में नौबस्ता थाना क्षेत्र के केशव नगर में रहने वाली बीए की छात्रा ज्योति तिवारी (23) ने फांसी लगा ली। आरोप है कि वादे के बाद भी प्रेमी कोर्ट मैरिज करने कोर्ट नहीं पहुंचा, इसी से आहत होकर उसने जान दे दी।
छात्रा की मां शशि तिवारी ने बताया कि बेटी का मकान मालिक के बेटे अन्नू अवस्थी से दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसका एक मकान कल्याणपुर में भी है। प्रेम प्रसंग का पता चलने पर पहले उन्होंने विरोध किया लेकिन बेटी नहीं मानी तो बेटे अतुल ने अन्नू से बात की।
इसमें वह शादी करने को राजी हो गया। सोमवार को अन्नू को कोर्ट पहुंचना था लेकिन सारा दिन फोन बंद जाता रहा। अतुल के मुताबिक इसी से आहत होकर ज्योति ने किचन में दुपट्टे से फांसी लगा ली। पुलिस ने छात्रा का मोबाइल कब्जे में लिया है। थाना प्रभारी कुंज बिहारी मिश्र के अनुसार अन्नू की तलाश की जा रही है।
परिजनों पर सात लाख रुपये मांगने का आरोप
छात्रा की मां ने बताया कि अन्नू पहले भी बेटी को धोखा दे चुका था। दो बार कोर्ट मैरिज के लिए बेटी को कचहरी बुलाने के बाद वह खुद नहीं आया। आरोप है कि अन्नू व उसके परिजनों ने कुछ दिन पहले शादी के लिए उनसे सात लाख रुपये मांगे थे।
पुलिस को मिला अन्नू का प्रेमपत्र
पुलिस ने ज्योति के पास से अन्नू का प्रेमपत्र बरामद किया है। पत्र में अन्नू ने लिखा है कि तुम पैसों की चिंता मत करना मैं दीदी को समझा लूंगा। नौकरी लगने के बाद मैं तुम्हें अपने साथ भगा ले जाऊंगा। पुलिस के अनुसार पत्र से स्पष्ट है कि अन्नू की बहन ने शादी के लिए युवती के परिजनों से पैसों की मांग की थी।