हैकाथॉन में शामिल निदेशक व अन्य।
- फोटो : संस्थान
कानपुर। देश में साइबर सुरक्षा को मजबूत करने और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आईआईटी कानपुर में ऑल इंडिया स्तर का साइबर सुरक्षा हैकाथॉन हैक आईआईटी-के 2026 आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश पुलिस के साइबर क्राइम महानिदेशक बिनोद कुमार सिंह ने किया। उन्होंने बदलते साइबर खतरों और युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला और कहा कि डिजिटल सुरक्षा में युवा नवाचार महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के वैज्ञानिक डॉ. गौरव गुप्ता और ग्लाइडर्स इंडिया लिमिटेड के सीएमडी एमसी बालासुब्रमण्यम ने भी अपने विचार साझा किए। आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल, सी3आई हब के प्रोग्राम डायरेक्टर प्रो. सोमित्र सनाध्य और सीईओ डॉ. तनिमा हाजरा भी उपस्थित रही। कार्यक्रम में पैनल चर्चा भी हुई।
हैकाथॉन में नेटवर्क सिक्योरिटी, क्रिप्टोग्राफी, हार्डवेयर सिक्योरिटी, आईओटी सिक्योरिटी, डिजिटल फॉरेंसिक्स, ऑटोमोटिव सिक्योरिटी और साइबर क्राइम जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया गया। इस दौरान सी3आई हब ने अपना स्वदेशी लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम लॉन्च किया। इसमें पर्सनलाइज्ड डैशबोर्ड, रियल-टाइम एनालिटिक्स, कोर्स मैनेजमेंट, एकेडमिक कैलेंडर और इंटीग्रेटेड कम्युनिकेशन टूल्स जैसी सुविधाएं हैं। सी3आई हब के सीएसओ डॉ. आनंद हांडा ने बताया कि यह प्लेटफॉर्म डिजिटल शिक्षा को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने में महत्वपूर्ण कदम है।