कानपुर के बर्रा विश्वबैंक में अपहृत छात्रा हंसिका वर्मा (20) की बरामदगी के बाद पुलिस की पूछताछ में पूरे खेल का पर्दाफाश हुआ है। छात्रा ने पिता को उनके तीन लाख रुपये लौटाने के लिए प्रेमी के साथ मिलकर खुद के अपहरण की कहानी रची थी, लेकिन मामला पुलिस के संज्ञान में आने के बाद उनका पूरा प्लान चौपट हो गया।
अक्षय कुमार और आयशा जुल्का की फिल्म खिलाड़ी देखी है आपने? अगर नहीं, तो बर्रा युवक-युवती के प्यार, शादी और अपहरण की कहानी जान लीजिए। और, ये सिर्फ कहानी नहीं है बल्कि हकीकत है। इस फिल्म की ही तरह इन दोनों ने भी साजिश रची। लड़की ने अपने ही अपहरण की कहानी बुनी। मकसद पिता से 10 लाख रुपये की फिरौती वसूलना और फिर किसी नए शहर में अपनी दुनिया बसाने का था।
विज्ञापन
इसी सोच के साथ शुक्रवार की शाम दोनों साथ निकल गए। लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा, अयोध्या होते हुए बस्ती पहुंच गए। दो बार पिता को फोन करके अपहर्ता को फिरौती देने के लिए गुहार भी लगाई। लेकिन पुलिस भी पीछे-पीछे लगी थी। आखिरकार बस्ती रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने दोनों को पकड़कर अपहरण की झूठी कहानी का पर्दाफाश कर दिया।
फिलहाल लड़की और उसके प्रेमी को पुलिस कानपुर ला रही है। एडीसीपी अंकिता शर्मा के अनुसार शुरुआती पूछताछ में दोनों ने ही अपहरण की कहानी गढ़ने की बात स्वीकारी है। अपहरण की कहानी ऐसी थी कि शुरू में परिवार से लेकर पुलिस तक चकरगिन्नी बन गई। लेकिन जैसे-जैसे पुलिस ने जाल फैलाना शुरू किया, कहानी से परत दर परत पर्दा हटता चला गया।
विज्ञापन
पता चला कि युवती मई में ही अपने प्रेमी के साथ कोर्ट मैरिज कर चुकी थी। उधर, माता-पिता अपनी पसंद की लड़के से शादी करना चाहते थे। लड़की भी प्रेमी की कमजोर आर्थिक स्थिति के चलते घर वालें से बगावत नहीं कर पा रही थी। ऐसे में उसने प्रेमी के साथ मिलकर खुद के अपहरण के लिए सारा तानाबाना बुना लेकिन पिता ने कहानी को सच समझ पुलिस में एफआईआर कर दी। पुलिस ने जांच शुरू की तो 48 घंटे के अंदर सच सामने आ गया।
युवक के प्यार में लड़की इस कदर डूबी थी कि उसने न सिर्फ परिवार से दगा दिया बल्कि उस लड़के पर भरोसा किया, जिस पर चोरी, लूट जैसे कई मामले दर्ज हैं। अपने बैंक खाते में पिता के डलवाए ढाई से तीन लाख रुपये भी उसने प्रेमी और अपने शौक पर खर्च कर दिए। पिता के मांगने पर उसने जल्द वापस करने की बात बोलकर टाल दिया।
पिता के रुपये मांगने पर ही उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर खुद के अपहरण की कहानी रची। लड़की ने पांच लाख फिरौती की बात सोची थी पर प्रेमी नेके कहने पर रकम बढ़ाकर 10 लाख कर दी थी। मोबाइल से फर्जी अपहरण के वीडियो बनाकर उन्हें भेज दिया।
इंस्टाग्राम के जरिए दो साल पहले हुई थी दोनों में दोस्ती
युवक ने वर्ष 2019 में इंस्टाग्राम पर वीडियो और फोटो डालनी शुरू की थी। दो साल पहले लड़की इंस्टाग्राम पर युवक के संपर्क में आई और दोनों में दोस्ती हो गई। दोनों के बीच मिलना-जुलना भी शुरू हो गया। दोस्ती इतनी गहरी हो गई कि युवक अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लड़की के साथ वीडियो बनाकर डालने लगा। अभी भी उसके अकाउंट में लड़की के साथ 10 वीडियो हैं।
गोंडा से बस्ती 45 मिनट में पहुंची पुलिस
प्रेमी युगल को यह नहीं मालूम था कि पुलिस उनका पीछा कर रही है। लड़की भी पिता से बात करने के लिए ही मोबाइल खोलती थी। रविवार को उसकी अंतिम लोकेशन पहले गोंडा में मिली तो पुलिस टीम वहां पहुंच गई। इसके बाद फिर से लोकेशन मिस हो गई। पुलिस लौटने की तैयारी में थी तभी हंसिका की लोकेशन गोंडा से सौ किमी दूर बस्ती में मिली। इस बार पुलिस नहीं चूकी और 45 मिनट में बस्ती पहुंच गई। बस्ती रेलवे स्टेशन से दोनों को पकड़ भी लिया। पुलिस को बताया कि उनकी गोरखपुर भागने की तैयारी थी।