औरैया के दिबियापुर इलाके में मोबाइल व घड़ी विक्रेता की एक दुकान धू धू कर पूरी रात जलती रही लेकिन किसी की इसकी भनक तक नहीं लगी। गुरुवार सुबह पांच बजे टहलने निकले एक स्थानीय युवक ने शटर से भयंकर धुआ उठते देखा तो आग लगने की जानकारी हुई।
व्यक्ति दुकान मालिक को पहले से जानता था। उसने फौरन दुकान विक्रेता को खबर दी। साथ ही फायर ब्रिगेड को फोन किया। लेकिन वहां से कोई जवाब न मिला तो पुलिस को फोन किया गया। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने फौरन फायर ब्रिगेड बुलवाई। इसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।
जानकारी के मुताबिक सदर कोतवाली क्षेत्र में दिबियापुर रोड पर अज्ञात कारणों से मोबाइल व घड़ी विक्रेता गोविंद पाठक की दुकान में भीषण आग लग गई। घटना बुधवार रात की है। गुरुवार तड़के जानकारी मिलने पर दुकान विक्रेता गोविंद पाठक मौके पर पहुंचे। लगभग 20 लाख का सामान खाक होने की अनुमान है।
भयंकर आग की लपटों पर काबू पाने में फायर ब्रिग्रेड कर्मियों को 2 घंटे का वक्त लगा। यदि थोड़ी सी भी देरी हुई होती तो आग और फैल सकती थी जिससे बाजार की अन्य दुकाने को भी नुकसान हो सकता था।