कानपुर। बिठूर थानाक्षेत्र में सिंहपुर चौराहे के पास शुक्रवार शाम मैनावती मार्ग जाते समय समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मुनींद्र शुक्ला की कार पर बाइक सवार युवकों ने पथराव कर दिया। पथराव में पजेरो कार के पीछे वाला शीशा चकनाचूर हो गया। आरोपियों ने माननीय से गालीगलौज भी की।
मामले में पूर्व विधायक मुनींद्र शुक्ला ने पुलिस को बताया कि वह अपने परिचितों के साथ पजेरो कार से मैनावती मार्ग होते हुए शहर की तरफ शादी समारोह में जा रहे थे तभी रात करीब 8:50 बजे उनकी कार सिंहपुर चौराहे के पास जाम में फंस गई। जाम में फंसी कार को देख एक बाइक पर सवार तीन युवक उनकी कार के पास आकर रुके और उनका नाम लेते हुए गालियां दीं। इस पर उनके साथ कार चला रहे शिवम मिश्रा ने उन युवकों का विरोध किया। इसके बाद युवक आगे निकल गए। इसी बीच जाम थोड़ा खुला तो उनकी गाड़ी आगे बढ़ी लेकिन इसी बीच कुछ युवकों ने पीछे से पथराव कर दिया। पथराव में उनकी कार का पीछे वाला शीशा टूट गया जबकि पीछे चल रही एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। कार में बैठे परिवार के लोग दहशत में आ गए। पूर्व विधायक ने तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ बिठूर थाने में तहरीर दी है।
बिठूर इंस्पेक्टर अशोक कुमार सरोज ने बताया की बाइक सवार युवकों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। घटनास्थल के आसपास जो भी सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, उनके फुटेज खंगाले जा रहे हैं।