पुलिस के स्तर से हुई लापरवाही व चूक की जांच के आदेश
बता दें, पांच जुलाई को मूलरूप से साढ़ के कुड़नी गाजीपुर गांव निवासी हरिकरन की वैन संचालक सौरभ सचान ने हत्या कर दी थी। हत्या के बाद नौबस्ता पुलिस ने मुठभेड़ के बाद सचान को गिरफ्तार कर लिया था। उसके पैर में गोली लगी थी। एसीपी नौबस्ता को पुलिस के स्तर से हुई लापरवाही व चूक की जांच के आदेश दिए गए थे।
लाखों की वसूली को लेकर कई बार हुआ था विवाद
वर्तमान में नौबस्ता स्थित स्टैंड से 100 से अधिक वैन का संचालन होता है। इनसे प्रतिमाह करीब ढाई लाख रुपये की वसूली होती है। हत्यारोपी सौरभ सचान भी स्टैंड के संचालन में पार्टनर बनना चाहता था। उसने हरिकरन को अलग से 20 वैन इसी स्टैंड पर लगवाकर ज्यादा वसूली कराने का लालच देकर पार्टनर बनने का प्रस्ताव दिया था। हरिकरन ने हामी भी भर दी थी, लेकिन मात्र तीन वैन ही लगाने पर उसे हटा दिया।
पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी
इससे हत्यारोपी खुन्नस रखने लगा था। हरिकरन और सौरभ का करीब 40 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद सौरभ ने वैनों का टोकन मनी और महीने के एक हजार रुपये देना बंद कर दिया। इस वजह से पिछले साल अक्तूबर माह में दोनों में मारपीट भी हुई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। आरोप है कि हरिकरन ने मामले की शिकायत चौकी में की थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
महापौर ने डीसीपी ट्रैफिक को जानकारी देने के बाद कार्रवाई करने को कहा
महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि नगर निगम मुख्यालय और अटल घाट के अलावा शहर में चल रहे सभी वाहन स्टैंड अवैध हैं। उन्होंने डीसीपी ट्रैफिक आरती सिंह से इन सभी अवैध स्टैंड पर कार्रवाई करने को कहा। महापौर ने डीसीपी ट्रैफिक को नगर निगम मुख्यालय बुलाकर शहर में चल रहे सभी अवैध वाहन स्टैंडों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा।
जल्द ही पुलिस कमिश्नर से भी बात करेंगी मेयर
उन्हें बताया कि शहर में केवल दो वाहन स्टैंडों को नगर निगम ने अनुमति दी है। इन दो वाहन स्टैंडों के अलावा शहर में जितने भी वाहन स्टैंड हैं, सभी अवैध हैं और वसूली कर रहे हैं। डीसीपी ट्रैफिक से कहा कि वह बिना किसी दबाव के इन सभी वाहन स्टैंडों और संचालकों पर सख्त कार्रवाई करें। इस संबंध में वह जल्द ही पुलिस कमिश्नर से भी बात करेंगी।