पीडब्लूडी अब सीएम अखिलेश यादव के लिए तैयार हो रहे पक्के मंच को नहीं बनाएगा। मंच बनाने में लगने वाले समय और लागत को देखते हुए केडीए ने पीडब्लूडी अधिकारियों से काम वापस ले लिया है। अब इवेंट कंपनी ही मंच बनाएगी। जिसका लोहे का बेस और लकड़ी का मंच होगा। इसकी क्षमता एक हजार लोगों की है। गुरुवार को इवेंट कंपनी के प्रतिनिधि मंच बनाने का काम शुरू कर देंगे। मौके पर पड़ी निर्माण सामग्री हटाने का काम शुरू करा दिया गया है।
कानपुर मेट्रो का लोगो फाइनल
सीएम ने कानपुर मेट्रो का लोगो फाइनल कर दिया है। चार अक्तूबर को सीएम मेट्रो का शिलान्यास करने के साथ ही लोगो का भी अनावरण करेंगे। शिलान्यास कार्यक्रम की शुरुआती रूपरेखा के मुताबिक मुख्य सचिव सीएम का स्वागत करेंगे। संगीत कला अकादमी, लखनऊ के छात्र सीएम के स्वागत में गीत प्रस्तुत करेंगे। कानपुर कमिश्नर धन्यवाद ज्ञापित करेंगे। समारोह में शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू, शहर सांसद डा. मुरली मनोहर जोशी, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अहमद हसन का आना तय हो गया है।