कानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 24 अप्रैल को कानपुर आ रहे हैं। उनकी सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद करने के लिए एसपीजी के कमांडो की टीम रविवार को ही कानपुर पहुंच गई। सोमवार को एसपीजी के आईजी उमेश चंद्र दत्ता भी कानपुर पहुंचे और चकेरी एयरपोर्ट, सीएसए में हाे रहे मंच निर्माण की तैयारियों और मेट्रो में जाकर निरीक्षण किया।
इसके साथ ही एयरपोर्ट, मेडिकल, फायर, मेट्रो, पुलिस और यातायात विभाग समेत प्रधानमंत्री के आगमन कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी जिम्मेदार अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने पीएम के आवागमन के लिए तय किए गए रूट का निरीक्षण किया।
बता दें प्रधानमंत्री की आगमन पर यातायात को ज्यादा प्रभावित न करने का लक्ष्य लेकर अधिकारी तैयारी कर रहे हैं। इसी को ध्यान में रखकर आईजी एसपीजी ने भी कई जरूरी दिशा निर्देश दिए।
सीएसए में बनाए जा रहे पांच हेलीपैड
सीएसए कैंपस में पांच हेलीपैड बनाए जा रहे हैं। इसमें तीन हेलीपैड कुलपति कार्यालय के सामने और दो हेलीपैड जनसभा स्थल के सामने खेल मैदान पर बनाए जा रहे हैं। वहीं, सीएसए कैंपस में 1000 कार और 500 बसों के लिए पार्किंग बनाई जा रही है। इसके अलावा एचबीटीयू और मेडिकल कॉलेज कैंपस में भी पार्किंग बनाई जा रही है।