उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दुकान गिराने की कार्रवाई का विरोध किया। दरअसल, बुधवार को तहसीलदार अभिनव चंद्रा राजस्व टीम और पुलिस बल के साथ नेहरू विद्यालय मार्केट पहुंचे थे। प्रशासन की ओर से सरकारी जमीन पर बनी दुकान को गिराने की कार्रवाई शुरू की जानी थी।
इसी दौरान सपा नेत्री रचना सिंह गौतम और उनके पति पंकज यादव मौके पर धरने पर बैठ गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे। कुछ ही देर में मौके पर पुलिस बल के साथ लोगों की भीड़ भी जुट गई। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने धरना समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सपा नेत्री और उनके समर्थक कार्रवाई के विरोध में डटे रहे।
दूसरे दिन फिर धरने पर बैठीं सपा नेत्री
बुधवार की कार्रवाई के बाद गुरुवार सुबह रचना सिंह गौतम दोबारा समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गईं। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दुकान गिराए जाने की कार्रवाई पर सवाल उठाए।
धरने की सूचना पर उपजिलाधिकारी मनीष कुमार और सहायक पुलिस आयुक्त अंकित कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने सपा नेत्री और कार्यकर्ताओं से बातचीत कर उनकी बात सुनी। इसके बाद सपा नेत्री की ओर से अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया। अधिकारियों ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया।