कैंट स्थित डीजीक्यूए काम्प्लेक्स मे आयोजित जोनल कबड्डी टूर्नामेंट मे सेंट्रल जोन व नार्थ जोन ट
- फोटो : संवाद
कानपुर। 28वीं डीजीक्यूए अंतर क्षेत्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में गुरुवार को सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। पहले सेमीफाइनल में साउथ जोन ने वेस्ट जोन को 45-25 के अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में नॉर्थ जोन ने रोमांचक मुकाबले में सेंट्रल जोन को 43-41 से पराजित कर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।
कैंट स्थित डीजीक्यूए क्लब में खेले गए पहले सेमीफाइनल में साउथ जोन के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। लगातार अंक बटोरते हुए टीम ने पहले हाफ में बढ़त बना ली जो अंत तक कायम रही। साउथ जोन की जीत में अजय का शानदार योगदान रहा जिन्होंने अकेले 20 अंक अर्जित किए।
दूसरे सेमीफाइनल में नॉर्थ जोन और सेंट्रल जोन की टीमों ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी और मुकाबला 41-41 की बराबरी पर पहुंच गया। निर्णायक क्षणों में नॉर्थ जोन के रवेंद्र यादव ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सेंट्रल जोन के दो खिलाड़ियों को कैच किया और टीम को 43-41 से जीत दिलाई। नॉर्थ जोन की ओर से अमित आर्या ने सर्वाधिक 20 अंक अर्जित किए। आयोजन अध्यक्ष एस चक्रवर्ती ने बताया कि शुक्रवार सुबह 10 बजे से नॉर्थ जोन और साउथ जोन के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।