कानपुर। सात फरवरी से शुरू हो रहे टी-20 विश्वकप में कानपुर के विनायक ओमान की टीम के उपकप्तान बनकर मैदान पर उतरेंगे। विनायक ओमान की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम में उपकप्तान बनने वाले कानपुर के पहले खिलाड़ी हैं। वर्ष 2025 में एशिया कप के दौरान भारत के खिलाफ भी मैच खेल चुके हैं।
श्यामनगर निवासी विनायक रिटायर्ड बैंक कर्मी जितेंद्र कुमार शुक्ला और आयुष शुक्ला के बेटे हैं। मां आयुष शुक्ला ने बताया कि उन्होंने पांचवीं कक्षा से ही क्रिकेटर बनने का मन बना लिया था। पहली बार पीएसी क्रिकेट एकेडमी का फॉर्म लाकर दिया था तब कहा था कि क्रिकेट के साथ पढ़ाई को भी उतना ही जरूरी समझो। विनायक ने उस बात को हमेशा गंभीरता से निभाया। वह दोपहर में स्कूल का कार्य पूरा करने के बाद ही नियमित अभ्यास के लिए मैदान पहुंचते थे।
विनायक ने क्रिकेट की शुरुआती ट्रेनिंग श्यामनगर में कोच लेखचंद्र से ली। वह कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से संबद्ध क्रिकेटर्स क्लब के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में खेलते रहे। कोच के अनुसार उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ने शुरू से ही उन्हें अलग पहचान दिलाई। क्रिकेट में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए वर्ष 2021 में विनायक ने घर छोड़ा। दिल्ली के कोच प्रकाश के मार्गदर्शन में वे मस्कट पहुंचे जहां एक प्रतिष्ठित कंपनी में डाटा ऑपरेटर के रूप में काम करते हुए दिन में नौकरी और रात में क्रिकेट अभ्यास जारी रखा। तीन वर्षों के कठिन संघर्ष और मेहनत के बाद वर्ष 2024 में उनका चयन ओमान की राष्ट्रीय टीम में हुआ।
विनायक ने 14 दिसंबर 2024 को नेपाल के खिलाफ टी-20 मुकाबले से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया। 10 फरवरी 2025 को आयरलैंड के खिलाफ एकदिवसीय मैच खेला। एशिया कप के दौरान भारतीय टीम के स्पिनर कुलदीप यादव ने भी उनकी सफलता पर उन्हें बधाई दी थी। उनकी उपलब्धि पर केसीए के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने विनायक को बधाई और शुभकामनाएं दीं।