बकेवर (इटावा)। मां के अंतिम संस्कार में बेटे का पैर फिसलने से वह यमुना नदी में डूब गया। युवक को खोजने में परिजन व पुलिस प्रशासन जुटा हुआ है। देर शाम तक युवक का कुछ पता नहीं चल सका।
लवेदी थाना क्षेत्र के नगला मरदान गांव निवासी विष्णु दयाल बाथम की पत्नी बैकुंठी देवी (75) ग्राम पंचायत नदगवां की सदस्य थीं। गुरुवार को बीमारी के चलते उनका देहांत हो गया था। शुक्रवार सुबह बैकुंठी देवी के अंतिम संस्कार के लिए गांव से एक किमी. दूर स्थित यमुना नदी के घाट पर परिजन व ग्रामीण गए हुए थे।
चिता को दाग बड़े बेटे पवन बाथम ने दिया था। अंत्येष्टि नदी किनारे हो रही थी, चिता में आग लगने के कुछ मिनट बाद ही बैकुंठी के बेटे अनिल बाथम (42) का पैर फिसल गया और वह करीब चार फीट ऊंचाई से नदी में जा गिरा। अनिल बाथम के पानी में डूबने से अंतिम संस्कार में आए परिजन व ग्रामीणों में खलबली मच गई। थानाध्यक्ष कपिल चौधरी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
दमकल की टीम को भी बुलवाया गया। गांव से गोताखोरों को बुलाकर पुलिस प्रशासन ने युवक की तलाश शुरू कर दी है। अनिल के डूबने की सूचना पर पत्नी शकुंतला सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अनिल कुमार मां के साथ गांव में ही रहकर खेतीबाड़ी करता है। पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था। एक बेटा व तीन बेटियां हैं। पुलिस ने बताया नदी में डूबे युवक को खोजने का प्रयास जारी है। एसडीआरएफ को सूचित कर दिया गया है। टीम कानपुर से निकल चुकी है।