बकेवर (इटावा)। सीएमओ कार्यालय में नौकरी लगवाने के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने दंपती सहित तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
क्षेत्र के नगला मानिक गांव निवासी विवेक कुमार यादव ने पुलिस को बताया कि उनकी मुलाकात कई साल पहले चौबिया थाना क्षेत्र के मिलकिया गांव निवासी विपिन कुमार से हुई थी। उसने सचिवालय के कई बड़े अधिकारियों से अपना संपर्क बताया था। साथ ही उसने कहा था कि वह सीएमओ कार्यालय में युवकों की नौकरी लगवा देगा। इस पर वह विश्वास में आ गया और विपिन से पांच लाख रुपये में बेटे की नौकरी लगवाने की बात हुई। इसमें तीन लाख रुपये नकद अगस्त 2019 दिए थे। उसके बाद भी कई बार में खाते में पांच लाख रुपये डाल दिए।
बेटे की नौकरी लगने की प्रतीक्षा करने लगे और विपिन व उसके चाचा सुनील से फोन पर बात भी हुई। चाचा-भतीजे ने कहा कि पुलिस सत्यापन करा लो तुम्हारे बेटे का ज्वाइनिंग लेटर आ गया है। सीएमओ कार्यालय में जाकर जानकारी की तो ज्वाइनिंग लेटर फर्जी निकला। तब चाचा भतीजे से रूपये वापस मांगे तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। पुलिस जांच में पता चला आरोपी विपिन की पत्नी के खाते में भी रुपये गए हैं। पुलिस ने विपिन कुमार व चाचा सुनील कुमार के अलावा विपिन की पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।