मदरसा बोर्ड परीक्षा में पकड़ा गया सॉल्वर
यूपी के हरदोई जिले में मदरसा बोर्ड परीक्षा में भाई के स्थान पर परीक्षा दे रहे युवक को केंद्र व्यवस्थापक ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
उत्तर प्रदेश मदरसा बोर्ड की जिले के छह परीक्षा केंद्रों में परीक्षा चल रही है। इसमें 31 मदरसों के छात्र शामिल हैं। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बिलग्राम परीक्षा केंद्र में दस मदरसों के परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। सोमवार को प्रथम पाली में उर्दू साहित्य द्वितीय विषय की मुंशी की परीक्षा थी।
केंद्र व्यवस्थापक ममता राना ने निरीक्षण के दौरान मदरसा जामिया नूरिया रहुला के मुंशी मौलवी के छात्र हफीज खां के स्थान पर उसके भाई कुद्दूस खां को परीक्षा देते पकड़ लिया। व्यवस्थापक की तहरीर पर पुलिस ने धोखाधड़ी व सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर छात्र को मजिस्ट्रेट के पास भेज दिया।