इटावा। उद्यम पोर्टल पर पंजीयन को और भी आसान किया गया है। निर्माता और उद्यमी के अलावा अब छोटे व्यापारी और ट्रेडर्स भी पोर्टल पर पंजीयन करा सकेंगे। इससे पंजीकरण की संख्या में इजाफा होगा।
बता दें कि ऋण के लिए लोगों को विभाग के उद्यम पोर्टल पर पंजीकरण की सुविधा दी गई है। इसमें अब निर्माता व उद्यमी के अलावा छोटी व्यापारी और ट्रेडर्स भी पंजीकृत होंगे। उद्योग विभाग के अधिकारियों के अनुसार पंजीकरण कराने के बाद व्यापारियों को पांच लाख का निशुल्क दुर्घटना बीमा, कम ब्याज दर पर ऋण, सरकारी योजनाओं और सब्सिडी का लाभ, पेटेंट और बार कोड पंजीकरण पर सब्सिडी व बिजली बिलों पर रियायत जैसी सुविधाएं मिलती हैं।
उपायुक्त उद्योग सुधीर कुमार ने बताया कि पोर्टल पर पंजीकरण के लिए आवश्यक दस्तावेजों की संख्या बेहद सीमित है। इससे प्रक्रिया सरल हो गई है। इससे छोटे व्यापारियों को अड़चन नहीं होती है। अब उत्पादकों के साथ ट्रेडर्स भी पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराकर सरकारी सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं।
- बैंक से ऋण मिलने में होगी आसानी, सरकारी योजनाओं और सब्सिडी का लाभ मिलेगा, सरकारी निविदाओं में प्राथमिकता मिलेगी,
भुगतान में देरी के खिलाफ सुरक्षा मिलेगी, पेटेंट व बारकोड पर सब्सिडी मिलेगी, औद्योगिक प्रोत्साहन सब्सिडी मिलेगी।