रनियां। विसायकपुर स्थित एक होटल में शनिवार को सपा व्यापार सभा की ओर से प्रेसवार्ता की गई। सपा व्यापार सभा के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष हरदीप सिंह राखरा ने कहा सरकार की गलत नीतियों और बढ़ते भ्रष्टाचार के कारण प्रदेशभर के छोटे व्यापारी, किसान, मजदूर, रेहड़ी-पटरी दुकानदार परेशान हैं। रसोई गैस और कामर्शियल सिलिंडर की किल्लत ने परेशानियां इस कदर बढ़ी हैं कि कारोबार ठप होने की कगार पर है।
उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां छोटे कारोबारियों को खत्म करने वाली साबित हो रही हैं। आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय हालात को आपदा में अवसर बनाकर बड़े कॉर्पोरेट घरानों को लाभ पहुंचाया जा रहा है जबकि छोटे उद्योगों और व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
हालात ये हैं कि पॉलिमर और प्लास्टिक यूनिट के शटडाउन के चलते चुनिंदा कंपनियां मनमाने दाम बढ़ाकर मुनाफा कमा रही हैं। प्लास्टिक दाने के दाम में करीब 70 फीसदी तक वृद्धि हो चुकी है, जिससे महंगाई बढ़ी है। छोटे उद्योग बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं।
उन्होंने कहा कि कामर्शियल सिलिंडर की कमी के कारण उद्योग और रेहड़ी-पटरी से जीवन यापन करने वाले परिवार खासे परेशान हैं। मजबूरी में घरेलू गैस सिलिंडर के उपयोग पर उनसे वसूली की जा रही है। साथ ही बिना स्पष्ट नीति के स्मार्ट मीटर लगाए जाने को उन्होंने अन्यायपूर्ण बताया।
कहा कि बैलेंस होने पर ही बिजली गुल होने के कई मामले हैं। सरकारी तंत्र की कार्यप्रणाली के चलते व्यापारियों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं प्राकृतिक आपदाओं के कारण किसानों की फसल लागत भी नहीं निकल पा रही है। उद्योगों में काम कर रहे मजदूरों का पलायन बढ़ रहा है और बेरोजगारी विकराल रूप ले रही है।
अध्यक्षता जिलाध्यक्ष व्यापार सभा समाजवादी पार्टी विष्णु कुमार गुप्ता ने की। यहां प्रदेश सचिव सुरेश चंद्र मिश्रा, काले खान, अतुल त्रिपाठी (अध्यक्ष कानपुर ग्रामीण), उद्यमी संदीप कोचर, शिवराज, भूप सिंह, धर्मपाल सिंह, सुनील गुप्ता, गुरमीत सिंह, इंद्रजीत, विमल तिवारी, एसके सिंह, सुमित कक्कड़, शिवम पाल, सभासद देवेंद्र सिंह रहे।