कानपुर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में मशरूम शोध एवं विकास केंद्र पादप रोग विज्ञान विभाग के तहत छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 18 से शुरू होगा। 23 तक होने वाले कार्यक्रम में मशरूम शोध केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ एसके विश्वास ने बताया कि कोई भी व्यक्ति (कृषक, छात्र एवं शहरी लोग) जो मशरूम की खेती या व्यवसाय करना चाहते हैं, वह इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। प्रशिक्षण प्राप्त कर लोग एस्टर, बटन या मिल्की मशरूम की खेती शुरू कर सकते हैं। छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में विस्तार से प्रशिक्षणार्थियों को तकनीकी सलाह उपलब्ध कराई जाएगी।
मशरूम उगाने के विभिन्न प्रकार के प्रयोग भी कराए जाएंगे। डॉ. विश्वास ने बताया कि प्रतिभाग करने के लिए 1000 रुपये पंजीकरण शुल्क के साथ आधार की कॉपी और पासपोर्ट साइज फोटो देनी होगी। अगर कोई किसान बाहर से आता है तो उसके रुकने की व्यवस्था होगी लेकिन प्रशिक्षणार्थी को खर्च खुद वहन करना होगा। मीडिया प्रभारी डॉ. खलील खान ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मशरूम पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले कोई भी इच्छुक व्यक्ति अधिक जानकारी के लिए 9369060041 एवं 9369060041 फोन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।