फर्रुखाबाद में विधायक आवास के सामने फायरिंग करने के मामले में आठ के खिलाफ पुलिस ने दहशत फैलाने की रिपोर्ट दर्ज की है और दो वकीलों समेत छह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वकीलों की गिरफ्तारी पर बार एसोसिएशन के महासचिव समेत वकीलों की कोतवाल से तीखी नोकझोंक भी हुई। फतेहगढ़ कोतवाली के क्षेत्र के जय नारायण वर्मा रोड निवासी भोजपुर से भाजपा विधायक नागेंद्र सिंह राठौर के आवास के सामने बुधवार रात दो कार सवार युवकों में ताबड़तोड़ फायरिंग हुई थी।
विधायक के घर आए भाजपा नेता विमल कटियार की कार का शीशा गोली लगने से टूट गया था। कर्नलगंज चौकी इंचार्ज ज्ञानेश्वर सिंह ने मामले में लोकोरोड निवासी सपा नेता योगेंद्र सिंह उर्फ चन्नू यादव के पुत्र आर्यन यादव, तलैया लाइन निवासी स्वास्थ्य कर्मी बल्लू शुक्ला के पुत्र कौशिक शुक्ला, आवास विकास कालोनी निवासी सोनू सोलंकी, सैनिक कालोनी निवासी वकील सुनील राठौर, जेएनवी रोड परमार वाली गली निवासी दीपक व तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। आरोप है कि सपा नेता का पुत्र आर्यन, कौशिक शुक्ला एक कार से रखा होते हुए आए।
दूसरी कार से वकील सुनील राठौर, सोनू सोलंकी, दीपक सहित अन्य लोग उनकी कार का पीछा करते हुए आए। इन लोगों ने पुरानी रंजिश में एक दूसरे पर फायरिंग की। इससे अफरातफरी मच गई और गाड़ियों के शीशे टूट गए। एसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीओ सिटी नितेश सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम को लगाया। टीम ने रात में जहानगंज थाना क्षेत्र में दबिश देकर सोनू सोलंकी, मोहल्ला तलैया लेन निवासी शिशिर सक्सेना, सुनील राठौर, जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव महरूपुर खार निवासी बंटी उर्फ सुखेंद्र सिंह, भोलेपुर निवासी मनोज, दीपक को गिरफ्तार कर लिया।